कहानी संग्रह ‘भोर की आस’ का हुआ लोकार्पण
- यूपी प्रेसक्लब में आयोजित कार्यक्रम में दां महिला सहित्यकारों को किया गया सम्मानित
लखनऊ। वरिष्ठ साहित्यकार ऊषा अवस्थी को ‘अभिव्यक्ति वाग्देवी साहित्य श्री सम्मान-2023’ व हेमलता शर्मा को‘अभिव्यक्ति वाग्देवी साहित्य सौरभ सम्मान-2023’ से विभूषित किया गया। साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था अभिव्यक्ति की ओर से शुक्रवार को उप्र प्रेस क्लब में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं संस्था की अध्यक्ष डॉ. ऊषा चौधरी ने की। संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष शारदा लाल एवं संस्थापक सदस्य सुषमा मेहरोत्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर संस्था की ओर से प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाले संकलनों की श्रृंखला में प्रकाशित 19वें कहानी संग्रह ‘भोर की आस’ का लोकार्पण भी हुआ।
पत्रिका की प्रधान संपादक डॉ. ऊषा चौधरी हैं। संपादक मण्डल के अन्य सदस्याों में शारदा लाल, डॉ. अमिता दुबे, शशि जैन, डॉ. अलका प्रमोद, मंजू शुक्ला एवं सुषमा गुप्ता शमिल हैं। साहित्यकारों ने नव प्रकाशित पुस्तक ‘भोर की आस’ की समीक्षा की और सम्मानित सहित्यकारों के बारे में बताया। संस्था की महामंत्री अलका प्रमोद ने बताया कि अभिव्यक्ति संस्था मुख्यतः महिला कहानीकारों की संस्था है, जिसमें लेखिकाएं विभिन्न विषयों पर लिखती है। साल 2000 से इस संस्था से अनवरत एक कहानी संग्रह प्रकाशित होता रहा है। इस नवप्रकाशित कृति की समीक्षा प्रमुख वक्ता डॉ. अपूर्वा अवस्थी ने प्रस्तुत की। सम्मानित साहित्यकारों का परिचय डाॅ. रश्मि शील, संस्था की कोषाध्यक्ष डाॅ. मंजू शुक्ला एवं सहकोषाध्यक्ष निरुपमा मेहरोत्रा ने दिया। वरिष्ठ साहित्यकार दीपक शर्मा ने सम्मानित साहित्यकारों को बधाई दी ।